नई दिल्ली: दिल्ली के मौसम में रविवार को थोड़ा बदलाव महसूस किया गया। आम दिनों की तरह सूरज की तपिश में मामूली गिरावट दर्ज की गई। आर.के. जेनामणि, वरिष्ठ वैज्ञानिक, IMD, दिल्ली ने बताया कि अब अगले चार दिनों तक मौसम इसी तरह से रहेगा। दो मई से लेकर पांच मई तक तापमान के सामान्य रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार यानि 2 मई को गर्म हवा नहीं चलेगी और तापमान सामान्य रहने की संभावना है।
इससे पहले भीषण लू चलने की वजह से ही शनिवार को राजधानी के ज्यादातर इलाकों में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक दर्ज किया गया था। जबकि, अक्षरधाम के नजदीक स्थित राष्ट्रमंडल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया। यहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो उत्तर प्रदेश के बांदा (अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस) के बाद सबसे अधिक है। इससे पहले मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। हालांकि ये भी कहा था कि रविवार और सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और शाम को गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना भी है।
मौसम विभाग ने रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जारी किया था। सोमवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने की बात भी कही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर मंगलवार से मौसम में बदलाव संभव है। बुधवार और बृहस्पतिवार को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है जिसके बाद लू से भी राहत मिल सकती है।
लगातार तीन दिन से अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री
दिल्ली में शनिवार को लगातार तीसरे अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
अप्रैल में 11 दिन चली लू
सामान्य तौर पर अप्रैल महीने में लू नहीं चलती है, लेकिन इस बार अप्रैल में 11 दिन लू चली। इस वजह से महीने का औसत अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पिछले 12 साल में सिर्फ दो बार, यानी वर्ष 2017 के अप्रैल में चार दिन और वर्ष 2016 के अप्रैल में एक दिन लू चली थी।