Lucknow. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में पदक अलंकरण समारोह में हिस्सा लिया। इस दैरान सीएम योगी ने कहा, मुझे प्रसन्नता है कि आज के इस अवसर पर हम लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल के मानव सम्पदा पोर्टल का भी शुभारंभ किया है। यह एक नई शुरुआत है। इस पोर्टल पर अब एक साथ सभी अधिकारियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, सही और सटीक जानकारी एक सामान्य जन से प्राप्त होती है, इसलिए मैंने जनता दर्शन कार्यक्रम प्रारंभ किया। इससे जनपदों की पूरी जानकारी मिलती है। हम जनता की समस्याओं की सुनवाई व समाधान करते हैं, वहीं जनता भी हमारी एक-एक गतिविधि पर नजर रखती है। साइबर क्राइम थाने स्थापित करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर चलने वाली एक-एक गतिविधि पर नजर रखनी होगी। हर हाल में उत्तर प्रदेश पुलिस बल के प्रति विश्वास बना रहना चाहिए, इसके लिए जो भी उपाय होने हैं उसे बेहतर ढंग से आगे बढ़ाना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा, आज समय बदला है, जनता जागरूक हुई है। उसके मन में शासन, प्रशासन व पुलिस के प्रति एक विश्वास जाग्रत हुआ है। इस विश्वास ने लोगों को विकास की ओर उन्मुख किया है, योजनाओं के साथ जोड़ा है। उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक कर्मी को इस सबसे बड़े पुलिस बल के साथ जुड़े होने पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। जब तक हमें अपनी संस्था के प्रति गौरव की अनुभूति नहीं होगी, तब तक हम उसके प्रति अपनी सेवाओं को जोड़ने में विफल रहेंगे।