पटना। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड मामले पर पिता ने एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। एफआईआर पटना के राजीव नगर में दर्ज कराई है।सुशांत के पिता केके सिंह ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती सहित 4 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें रिया पर सुशांत को प्यार में फंसाकर करोड़ों रुपये हड़पने, बंधक बनाने, पागल साबित करने और सूइसाइड के लिए उकसाने तक के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
सुशांत के पिता का कहना है कि रिया, सुशांत को ब्लैकमेल कर रही थीं। रिया सुशांत को परिवार से दूर करना चाहती थी। साथ ही साथ उनके अकाउंट से पैसे भी निकाल रही थीं। इसी सिलसिले में बिहार में रिया के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
बता दें कि सुशांत के खुदकुशी मामले पर मुंबई पुलिस अब तक लगभग 40 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इन लोगों में सुशांत के परिवारीजन, दोस्त, उनकी कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, घर के नौकर और बॉलिवुड के लोग शामिल हैं। बॉलिवुड के लोगों में संजय लीला भंसाली, आदित्य चोपड़ा और महेश भट्ट जैसे बड़े सिलेब्रिटीज भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि सुशांत ने 14 जून को अपने मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके तुरंत बाद ही मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच करना शुरू कर दी था। मामले में पुलिस प्रफेशनल राइवलरी के ऐंगल से जांच कर रही है, क्योंकि ऐसे आरोप है कि सुशांत के खिलाफ बॉलिवुड का एक ग्रुप कथित तौर पर साजिश कर रहा था।