लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोल रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने इस बार कोरोना काल में लोगों को राहत पहुंचाने के काम में बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नदारद होने का आरोप लगाया है। इसी के साथ ही उन्होंने बताया कि सपा कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में लोगों को राहत पहुंचा रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा, कोरोना संकट में भाजपा भ्रम क्यों फैलाना चाहती है? पूरे प्रदेश में बीजेपी और संघ के कार्यकर्ता नदारद हैं, कहीं कोई राहत कार्य करते नहीं दिखते। लेकिन समाजवादी पार्टी संगठन कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरे प्रदेश में मानवीय कार्य करने में सक्रिय है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न जिलों में पीड़ितों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के कार्य में जुट गये हैं।
इसी के साथ ही सपा अध्यक्ष बताया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों की सूचना स्थानीय प्रशासन तक पहुंचायें और कहीं-कहीं पर कार्यकर्ताओं ने मरीजों के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की है।