लखनऊ। गोंडा जिले में बीती रात सिलिंडर ब्लास्ट के बाद दो मकानों के गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना गोंडा के वजीरगंज इलाके के टीकरी गांव की है।
जानकारी के मुताबिक रात को सिलिंडर ब्लास्ट होने के बाद अगल-बगल के मकान गिर गए। घटनास्थल से 14 लोगों को अस्पताल लाया गया जहां सात को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मलबे से एक शव और मिला। मरने वालों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष और एक लड़का शामिल है।
पुलिस ने बताया, थाना वजीरगंज के टिकरी में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद एक मकान की छत गिर गई। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। एसपी मिश्रा के मुताबिक स्थानीय लोगों की मदद से कुल 14 लोगों को मलबे के नीचे से निकाला गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। राहत और बचाव कार्य भी जारी हैं।