नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बाद अब दिल्ली में बुलडोजर को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है। बुलडोजर पर भाजपा सवार है तो यहां आम आदमी पार्टी इसके सामने खड़ी है। दरअसल बुलडोजर अब राजनीति में आ गया है। पिछले चार दिनों में दिल्ली में बुलडोजर पर इतनी राजनीति हो गई है कि जनता भी सोच रही है कि कहीं पूरी दिल्ली में बुलडोजर न चल जाए, क्योंकि सच्चाई तो यही है कि अगर नगर निगम अपनी पर आ जाता है तो लगभग हर मकान में नियमों के उल्लंघन के मामले में कुछ न कुछ गड़बड़ निकल ही आएगी
अब बुलडोजर कहां चलना है, कितना चलना है और कब चलना है, यह सब राजनीति के पीछे छुप गया है। भाजपा अभी भी अपनी बात पर अड़ी हुई है कि बुलडोजर तो चलेगा ही, वहीं आम आदमी पार्टी ने भी अपने सभी विधायकों को संदेश दे दिया है कि वे दिल्ली नगर निगम के बुलडोजर का विरोध करेंगे। अब देखना यह है कि ऊंट किस करवट बैठता है।
जब मंत्री जी ने पहले स्वयं मास्क लगाया
दिल्ली में कोरोना के मामले अब लगातार बढ़ ही रहे हैं। मामले बढ़ने पर कुछ दिन पहले नोएडा में मास्क लगाना अनिवार्य किया गया था इसकी चर्चा दिल्ली तक हो होनी ही थी। आम आदमी पार्टी कार्यालय में गत दिनों एक कार्यक्रम में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से मीडिया के लोगों ने विभिन्न मुद्दों पर सवाल किए। एक पत्रकार ने तो परिवहन विभाग का सवाल स्वास्थ्य मंत्री से पूछ डाला। अब वे इस पर क्या जवाब देते। खैर एक पत्रकार ने पूछा कि नोएडा में मास्क अनिवार्य हो गया है दिल्ली पर आप क्या कहेंगे, मंत्री जी भी समझ गए कि खुद ही मास्क नहीं लगाया है।