Kanpur. भारत में कोरोना का संक्रमण अब तेजी से फैल रहा है। कोरोना की तीसरी लहर ने सभी को चिंता में डाल दिया है। इस बीच खबर आई है कि कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर 23 जनवरी को चरम पर पहुंच सकती है। ये जानकारी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-कानपुर के एक वैज्ञानिक द्वारा दी गई।
आईआईटी-कानपुर के प्रोफेसर व ‘सूत्र कोविड मॉडल’ से जुड़े अनुसंधानकर्ताओं में शामिल मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में पहले ही, बीते सात दिन में संक्रमण के मामलों की संख्या चरम पर पहुंच चुकी है।
शामिल मनिंद्र अग्रवाल के मुताबिक, इस सप्ताह महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में कोविड-19 के मामले चरम पर होंगे, जबकि आंध्र प्रदेश, असम और तमिलनाडु जैसे राज्यों में अगले सप्ताह इनके चरम पर पहुंचने की आशंका है।
इसी के साथ ही उन्होंने बताया कि भारत में 23 जनवरी को दैनिक मामलों की संख्या चरम पर पहुंचने का अनुमान है। तब इन मामलों की संख्या चार लाख से कुछ कम रह सकती है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता महानगरों में पहले ही इनकी संख्या चरम पर हैं। अग्रवाल ने पहले अनुमान जताया था कि कोविड -19 की तीसरी लहर जनवरी के अंत तक चरम पर होगी।
बता दें कि भारत में आज कोरोना वायरस के 2 लाख 82 हजार 970 नए मामले आए हैं। जबकि 1 लाख 88 हजार 157 लोगों की रिकवरी हुईं। देश में 24 घंटे में 441 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।