Lucknow. उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा फैसला लिया है। पार्टी की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी महिला वोटर्स का दिल जीतने के लिए 40 फीसदी महिलाओं को चुनाव में उतारेंगी। उन्होंने मंगलवार को लखनऊ से ये ऐलान किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि यूपी के आगामी विधानसभा में कांग्रेस 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देगी।
प्रियंका गांधी का यह एलान यूपी चुनाव के लिए उनका एक और मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। इस फैसले का यूपी में कांग्रेस के भविष्य पर कितना असर पड़ेगा यह तो चुनाव के बाद ही पता चलेगा, लेकिन प्रियंका के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने इस मामले में दूसरी राजनीतिक पार्टियों से बढ़त ले ली है। उस पार्टी से भी ज्यादा जिसकी कमान एक महिला अध्यक्ष के हाथों में है।
वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या यूपी से चुनाव लड़ेंगी इसपर उन्होंने कहा, वह निर्णय मैंने अब तक नहीं लिया है। आगे-आगे चीज़ें जैसे होती हैं उसे देखेंगे। आगे उन्होंने कहा,हम कहते हैं कि समाज को बदलना है, महिलाओं पर इतना अत्याचार होता है, हम इसे कैसे बदलेंगे। कोई आकर हमें मदद नहीं करेगा। हमें अपना काम खुद करना पड़ेगा। चुनाव आ रहा है इसमें महिलाओं की भागीदारी हो और वे चुनाव लड़ें।