Ayodhya. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच अयोध्या जनपद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। क्यों जिले में रंगों की सियासत जारी है। दरअसल, अयोध्या जिलाधिकारी के अस्थाई आवास का साइन बोर्ड बदल दिया गया है। पहले भगवा से हरा किया गया और अब हरा से लाल कर दिया गया है।
बता दें कि अयोध्या का जिलाधिकारी आवास सितंबर 2021 से निर्माणाधीन है। अंग्रेजों के समय के बने इस आवास को अब नए सिरे से बनाया जा रहा है। इसी वजह से अयोध्या जनपद के मौजूदा जिलाधिकारी नीतीश कुमार लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में रहते हैं और यहीं इनका कैंप कार्यालय भी है।
पूर्व डीएम अनुज कुमार झा के समय ही जिलाधिकारी आवास को यहां स्थानांतरित किया गया था। उस समय यहां एक बोर्ड लगाया गया था। भगवा कलर के बैकग्राउंड वाले इस साइड बोर्ड पर सफेद रंग से आवास जिलाधिकारी अयोध्या लिखा गया था, जिसे बुधवार यानी 2 फरवरी की सुबह अचानक बदल दिया गया और हरे रंग का कर दिया गया। वहीं, अब 24 घंटे के भीतर ही एक बार फिर उसी साइन बोर्ड को बदल दिया गया है और हरे रंग के बैकग्राउंड के स्थान पर लाल रंग का बोर्ड लगा दिया गया है।