नई दिल्ली :- बड़े परदे पर जल्द ही जान्हवी कपूर और राजकुमार राव की जोड़ी नजर आने वाली है। ये दोनों करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन में बन रही फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज’ माही एक बार फिर से स्क्रीन-स्पेस खेयर करते हुए नजर आएंगे। दोनों ने 9 मई 2022 को अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है और इस बात की जानकारी करण जौहर ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पूरी टीम को इस नई शुरुआत के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं दीं, उनकी पोस्ट को जान्हवी कपूर और राजकुमार राव ने भी शेयर किया।
निर्माता करण जौहर ने शेयर की पहली झलक
करण जौहर के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर फिल्म की पहली झलक शेयर की गई। शेयर की गई तस्वीर में एक क्लैपबोर्ड है, जिसमें मिस्टर एंड मिसेज माही’ लिखा हुआ है। फिल्म के सेट से पहली झलक शेयर करते हुए धर्मा प्रोडक्शन ने कैप्शन में लिखा, मैदान तैयार है और ‘मिस्टर एंड मिसेज’ की टीम भी आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। शूटिंग का पहला दिन शुरू। आपको बता दें कि नवंबर 2021 में निर्माता करण जौहर ने राजकुमार राव और जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म की घोषणा की थी।
महिला क्रिकेटर के रूप में नजर आएंगी जान्हवी कपूर
साल 2018 में फिल्म ‘धड़क’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री जान्हवी कपूर अब तक कई अलग-अलग शैली की फिल्में कर चुकी हैं और अब जल्द ही वह ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ में महिला क्रिकेटर की भूमिका में नजर आएंगी। उनके अलावा फिल्म में राजकुमार राव महेंद्र की भूमिका में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स की माने तो करण जौहर के प्रोडक्शन में बनने वाली ये फिल्म 7 अक्तूबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।